कलवारी थाना क्षेत्र के गोसैसी पुर बुद्ध राम मिलन की हत्या होने पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती के कलवारी क्षेत्र के गोसैसीपुर गांव में पट्टे की जमीन पर बने मकान के विवाद में शनिवार को फरसे से हमला कर 65 वर्षीय वृद्ध की हत्या कर दी गई। हमलावरों ने वृद्ध के बेटे और बहन पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसमें बेटे के पैर का पंजा कट गया है। दोनों घायलों को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। तनाव को देखते हुए पांच थानों की पुलिस गांव में तैनात कर दी गई है। मृतक के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार गोसैसीपुर निवासी राम मिलन चौधरी का गांव के ही हरिशंकर उर्फ रावण आदि से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद है। शनिवार को राम मिलन का बेटा विशाल खेत में काम कर रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे हरिशंकर पक्ष के लोग लाठी-डंडा, फरसा लेकर पहुंच गए और विशाल पर हमला कर दिया।
इस दौरान फरसे के वार से उसके पैर का पंजा कट गया। उसका शोर सुनकर विशाल के पिता राम मिलन और बुआ माला दौड़कर पहुंचे तो हमलावरों ने उन दोनों पर भी वार कर दिया। इस हमले में राम मिलन के पैर, पेट, कंधे व शरीर के अन्य हिस्से पर गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद आरोपी फरार हो गए। तीनों घायलों को सीएचसी कुदरहा ले जाया गया, जहां राम मिलन को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं विशाल और माला को पहले जिला अस्पताल फिर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
उधर, सूचना मिलने ही सीओ कलवारी अशोक मिश्र, नायब तहसीलदार स्वाति सिंह, एसओ भानु प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। घटना के बाद गांव में सन्नाटा है। तनाव को देखते हुए कलवारी के अलावा दुबौलिया, लालगंज, नगर और कप्तानगंज थाने की फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है।