सीओ, इंस्पेक्टर समेत 48 पुलिसकर्मियों का तबादला
शेषमणि सीओ हर्रैया, दुर्गेश पांडेय हुए एसपी के पीआरओ
खझौला, गनेशपुर व पटेल चौक चौकी के प्रभारी बदले गए
बस्ती। कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए सोमवार को जनपदीय स्थापना बोर्ड के जरिए पुलिसकर्मियों में व्यापक फेरबदल किया गया है। एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि कन्नौज से स्थानांतरण होकर आए पुलिस उपाधीक्षक शेषमणि उपाध्याय को सीओ हर्रैया नियुक्त किया गया है। सीओ हर्रैया पद के अतिरिक्त उपाध्याय को एसपी ने एएचटीयू, अपराध शाखा, विशेष जांच प्रकोष्ठ, चुनाव सेल व सीसीटीएनएस के कार्यो का पर्यवेक्षण भी जिम्मा सौंपा है।
इसी कड़ी में दो इंस्पेक्टर, नौ उपनिरीक्षक, दो उर्दू अनुवादक, आठ हेड कांस्टेबल, दो महिला कांस्टेबल व 27 आरक्षियों का भी स्थानांतरण किया गया है। पुलिस लाइंस से निरीक्षक देवानंद उपाध्याय को सम्मन सेल/ पैरवी सेल, एएचटीयू में तैनात इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार यादव को मीडिया सेल का प्रभाती बनाया गया है। महिला एसआई दीपिका पांडेय को पुलिस लाइंस/ एंटी रोमियो सेल से महिला सेल, कोरोना सेल में कार्यरत एसआई दुर्गेश पांडेय को पीआरओ, प्रभारी चौकी खजौला योगेश सिंह को कुदरहा चौकी लालगंज भेजा गया है। कुदरहा चौकी प्रभारी योगेंद्र नाथ को एसएसआई मुंडेरवा, मुंडेरवा थाने के एसआई श्याम मोहन त्रिपाठी को एसएसआई छावनी, नगर थाने में तैनात एसआई अभिषेक कुमार सिंह को चौकी प्रभारी खझौला, कलवारी थाने के एसआई को प्रभारी चौकी पटेल चौक और यहां तैनात राजन सिंह को पैकोलिया थाने पर भेजा गया है। हर्रैया थाने के एसआई सुरेंद्र प्रसाद को चौकी प्रभारी गनेशपुर बनाया गया है। उर्दू अनुवादक अब्बास अली को पुलिस लाइंस से प्रधान लिपिक शाखा व उर्दू अनुवादक शिवपूजन को पेशी क्षेत्राधिकारी सदर में तैनाती दी गई है।