रोडवेज तिराहे पर लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : BASTI
नोडल अफसरों ने देखी हॉटस्पॉट की स्थिति
बस्ती। शासन से नामित नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव (श्रम) सुरेश चंद्र ने हॉटस्पॉट एरिया तुरकहिया के अलावा कंपनीबाग चौराहे, गंदा नाला, महिला अस्पताल के पास निरीक्षण किया। डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि तुरकहिया हॉटस्पॉट एरिया में दुकानें, प्रतिष्ठान, सभी कार्यालय बंद हैं। यहां के लोगों को प्रतिदिन सब्जी, फल, दूध एवं अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बस्ती के कोरोना पॉजिटिव से मृतक का घर इसी मोहल्ले में है। उनके परिवार के लोग भी कोरोना से संक्रमित हुए हैं।
एसपी हेमराज मीणा ने सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। बताया कि गांधीनगर चौक एवं आसपास की सभी गलियों को सील कर दिया गया है। आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित है। डीएम ने बताया कि जिला व महिला अस्पताल, सीएचसी एवं पीएचसी फीवर ओपीडी चालू कर दी गई है। जिला, ओपेक कैली अस्पताल तथा मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन एवं आइसोलेशन वार्ड तैयार हैं। जिले में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित सभी मरीजों को एल-वन अस्पताल सीएचसी मुंडेरवा में रखकर इलाज किया जाता है। प्रमुख सचिव ने सदर तहसील में संचालित कम्युनिटी किचन का निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि खाना बनाने वाले तथा वितरण करने वाले कर्मियों की प्रतिदिन थर्मल टेस्ट अवश्य कराया जाए। खाना बनाने एवं सर्व करने के दौरान सफाई का विशेष ध्यान रखें। इस मौके पर शासन से नामित पुलिस अधिकारी आईजी विजय भूषण, एडीएम रमेश चंद्र, एएसपी पंकज, एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ल, तहसीलदार पवन जायसवाल आदि मौजूद रहे।