मेडिकल कॉलेज बस्ती परिसर में बनकर तैयार नर्सिंग कॉलेज संवाद
बस्ती। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा इकाई ओपेक चिकित्सालय कैली परिसर में 9.94 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नर्सिंग कॉलेज भवन बनकर तैयार हो गया है। अब बिजली कनेक्शन मिलते ही भवन का औपचारिक हैंडओवर कर संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। थर्ड पार्टी की जांच भी पूरी हो चुकी है, जिसमें निर्माण कार्य पूर्ण पाया गया है।
नया भवन शुरू होने के बाद बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों को एक ही परिसर में पढ़ाई, प्रैक्टिकल और प्रशिक्षण की सुविधाएं मिल सकेंगी। अभी नर्सिंग की पढ़ाई मेडिकल कॉलेज के रामपुर स्थित एकेडमिक भवन में संचालित हो रही है। नए भवन में आधुनिक कक्षाओं के साथ प्रैक्टिकल लैब और प्रशिक्षण कक्ष बनाए गए हैं।
भवन में बिजली कनेक्शन के लिए कार्यदायी संस्था की ओर से आवेदन किया जा चुका है। अधिकारियों के मुताबिक स्वतंत्र फीडर से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी, जिससे कॉलेज के संचालन में विद्युत आपूर्ति संबंधी परेशानी न हो। बिजली कनेक्शन मिलते ही हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
नर्सिंग कॉलेज में वर्ष 2021 से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई संचालित हो रही है। हर साल 60 सीटों पर प्रवेश लिया जाता है। वर्ष 2026 में वर्तमान व्यवस्था के तहत अंतिम बैच के विद्यार्थियों की पढ़ाई पूरी होगी। नए भवन के शुरू होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी।
निर्माण में देरी, बजट मिलने के बाद तेज हुआ काम : नर्सिंग कॉलेज भवन का निर्माण 11 मार्च 2024 को शुरू हुआ था। इसे 31 मार्च 2026 तक पूरा किया जाना था, लेकिन बजट की कमी के कारण निर्माण कार्य की गति प्रभावित हुई। धनराशि उपलब्ध होने के बाद काम में तेजी लाई गई और अब भवन का निर्माण पूरा हो चुका है।