महराजगंज। मौसम में बदलाव के साथ जुकाम, खांसी, बुखार और वायरल के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इन दिनों लगातार बुखार, कमजोरी और सिरदर्द जैसी परेशानी को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। कई दिनों तक बुखार रहने या पेट संबंधी समस्या होने पर चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है।
सीएचसी कप्तानगंज के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवम शुक्ला ने बताया कि वर्तमान मौसम में वायरल बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। बुखार के साथ लगातार कमजोरी, सिरदर्द और पेट संबंधी परेशानी होने पर टाइफाइड की आशंका हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि केवल चिकित्सकीय जांच के आधार पर ही की जानी चाहिए। उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, पौष्टिक और ताजा भोजन करने व साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करने की अपील की है।