संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। हल्के भार वाले (एलएमवी) और भारी वाहनों का ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब ऑटोमेटिक ट्रैक पर गाड़ी चलाकर परीक्षा देनी होगी। सेंसर युक्त यह ट्रैक खुद बताएगा कि आप चालक बनने योग्य हैं या नहीं।
परिवहन विभाग में यह नई व्यवस्था कुछ ही दिनों बाद लागू होने वाली है। यहां आईटीआई परिसर में बने ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (डीटीई) में ऑटोमेटिक ट्रैक का निर्माण शुरू हो गया है।
शासन स्तर से सूबे के 10 जनपदों में डीटीई सेंटर हाईटेक किए जाने की योजना तैयार की गई है। इसमें बस्ती भी शामिल है। यहां डीटीई सेंटर पर सेंसर युक्त हाईटेक ट्रैक और उसके संचालन के लिए मारुति सुजुकी कंपनी से अनुबंध हुआ है।
इसके लिए संबंधित कंपनी ने एवीएल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को नामित किया है। इस कंपनी की ओर से डीटीई सेंटर पर कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें जगह-जगह सेंसर फिट किए जा रहे हैं। इसके संचालन के लिए एक सर्वर रूम बनाया जाएगा।
परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदकों को इसी ऑटोमेटिक ट्रैक पर वाहन चलाकर परीक्षा देनी होगी। वाहन चलाते समय यह ट्रैक चालक की हर गतिविधि का आंकलन करेगा। ट्रैक पर लगे सेंसर संबंधित परीक्षार्थियों की मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार करेगा। इसी के आधार पर तय होगा कि संबंधित आवेदक चालक बनने योग्य है या नहीं। रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग में ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
ट्रैक पर अंडरग्राउंड वायरिंग का कार्य चल रहा है। इस पर हल्के भार वाले कार, बाइक एवं अन्य छोटे चार पहिया वाहनों के अलावा भारी वाहन भी दौड़ाए जा सकेंगे। अब तक परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस के लिए विभागीय अधिकारी मैनुअल परीक्षा लेते रहे हैं।
विभाग से नामित अधिकारी चालक से वाहन चलवाकर देखते थे। इसके बाद संबंधित आवेदक को पास या फेल करते हैं। इस व्यवस्था में ज्यादातर लोग चालक बनने योग्य ठहरा दिए जाते हैं।1