पारदर्शी होगी प्रक्रिया, चारों तहसीलों में लगेंगे क्यूआर कोड
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। तहसीलों से अब खतौनी की प्रमाणित प्रति लेने के लिए नकद रुपये देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। काश्तकार यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर खतौनी की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर सकेंगे। यह प्रक्रिया जिले की चारों तहसीलों में जल्द शुरू होने वाली है। इसके लिए लीड बैंक की ओर से तहसीलों में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे।
जिले की सदर, हर्रैया, भानपुर व रुधौली तहसील से प्रतिदिन तीन से पांच हजार खतौनी की प्रमाणित प्रति काश्तकार लेते हैं। काश्तकार आए दिन अधिक मूल्य लेने की शिकायत भी करते रहते हैं। डिजिटल भुगतान की व्यवस्था लागू होने के बाद पारदर्शिता आएगी और काश्तकारों की शिकायत भी समाप्त हो जाएगी।
हालांकि नकद भुगतान की व्यवस्था लागू रहेगी। माना जा रहा है कि ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था से तहसीलों में खतौनी काउंटरों पर छुट्टा पैसों को लेकर होने वाली खींचतान से निजात मिलेगी। वहीं, भुगतान प्रक्रिया भी सरल और पारदर्शी बनेगी।
...
कोट
राजस्व परिषद से तहसीलों में खतौनी काउंटरों पर डिजिटल भुगतान की व्यवस्था करने का निर्देश प्राप्त हुआ है। लीड बैंक का निर्देश दिया गया है कि तहसीलों में डिजिटल भुगतान की सुविधा जल्द उपलब्ध करा दें।
-कमलेश चंद्र, एडीएम