बस्ती। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की मुहिम का दूसरा चरण शुरू हो चुका है। इस कड़ी में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हजारों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के बाद अब उन्हें रोजगारपरक और तकनीकी प्रशिक्षण देकर आय बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा।
इसके लिए कार्यशाला का आयोजन 11 जून को होगा। सोमवार को हुई बैठक में इसकी कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यशाला में महिलाओं को विभिन्न रोजगारपरक गतिविधियों और आधुनिक कौशल से जोड़ने का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे स्वरोजगार के नए अवसरों का लाभ उठा सकें। मिशन के माध्यम से अब तक 29,833 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
ये महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। बस्ती में 52 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।