बस्ती। जिले में 150 ग्राम पंचायतों में स्वच्छता से समृद्धि अभियान के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य चल रहा है। इसकी मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत को सौंपी गई है, मगर नियमित निगरानी न होने से तमाम चयनित गांवों में कूड़ा उठान नहीं हो रहा है। इस पर डीपीआरओ ने तीन एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
डीपीआरओ घनश्याम सागर ने बताया कि सीडीओ सार्थक अग्रवाल के निर्देशन में यह अभियान चल रहा है। ब्लॉक स्तर पर एडीओ पंचायत को मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी है। 23 मार्च 2026 तक जिले स्तर की मॉनीटरिंग सेल की समीक्षा में पाया गया कि विकास खंड दुबौलिया, बनकटी और हर्रैया में अभियान का क्रियान्वयन ठीक से नहीं हो रहा है। इस पर उन्होंने एडीओ पंचायत दुबौलिया संजय कुमार श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा गया है कि 10 ग्राम पंचायतें स्वच्छता से समृद्धि अभियान में चयनित हैं, जिसमें से अराजीडूही धर्मपुर मुस्तकहम में एक, नटवाजोत में दो, समौड़ा में चार, खुशहालगंज में पांच और धर्मपुर में छह दिन ही स्वच्छता से समृद्धि अभियान संचालित हुआ। इसी प्रकार ढिलाई बरतने पर एडीओ पंचायत बनकटी आशुतोष पटेल को भी नोटिस जारी किया गया है। इनके अधीन 10 ग्राम पंचायतों में सिकरा बरगाह में शून्य, कड़सरी में दो, कुरिआर में तीन, मेहड़ा में तीन और खरवनिया में तीन ही दिन स्वच्छता से समृद्धि अभियान संचालित हुआ।
इसी प्रकार एडीओ पंचायत हर्रैया जय प्रकाश राय को नोटिस जारी हुआ है। उनके अधीन भी 10 गांव हैं, जिसमें जगदीशपुर में शून्य, डुहवा मिश्र एक, भिरवा में पांच और मजगंवा में छह दिन ही स्वच्छता से समृद्धि अभियान संचालित हुआ। डीपीआरओ ने कहा कि ढिलाई के चलते अभिनव प्रयोग वाले अभियान पर असर पड़ा है।