बस्ती। बिना बताए लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे रोडवेज के पांच चालकों की संविदा खत्म करने का नोटिस दिया गया है। साथ ही तत्काल हाजिर होने के लिए निर्देशित किया गया है। उपस्थित न होने पर इन सभी को सेवा से हटाने की चेतावनी दी गई है।
एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि चालकों की अनुपस्थिति के कारण बस संचालन प्रभावित हो रहा है। डिपो की आय एवं बस की उपयोगिता पर कुप्रभाव पड़ रहा है। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी की रिपोर्ट पर पांच संविदा चालक को नोटिस दिया गया है। बताया कि मनोज उपाध्याय 10 अप्रैल 2025, सूबेदार चौधरी 17 जनवरी 2025, अरविंद कुमार सात मार्च 2025, रामवृक्ष यादव 22 अगस्त 2024 और गौरीशंकर यादव नौ अगस्त 2024 से बिना बताए अनुपस्थित हैं।
वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ने रिपोर्ट दी है कि ये चालक मनमाने तरीके से ड्यूटी करने के आदी हैं। संपर्क करने के लिए कोई फोन नहीं है। ड्यूटी को लेकर कोई सजगता नहीं है। संपर्क होने पर कई चालकों ने ड्यूटी करने से इन्कार किया। नोटिस देकर तत्काल कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। यदि उपस्थित नहीं हुए तो प्रतिभूति धनराशि जब्त करते हुए सेवा से हटा दिया जाएगा। एआरएम ने बताया कि नोटिस में उनके छह माह सेवा के दौरान किए गए कार्यों का ब्योरा भी दिया गया है। कई चालक तो शून्य किमी अर्जित किए हैं।