बस्ती। सांऊघाट क्षेत्र के गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर बीईओ साऊंघाट धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी का डंडा चला। बीईओ के आने की भनक लगते ही गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संचालक स्कूल पर ताला बंदकर फरार हो गए।
बीईओ जब मझौंआमीर पहुंचे तो यहां गैर मान्यता एक स्कूल में बच्चे बेंच पर बैठ कर पढ़ते मिले। बीईओ ने स्कूल के प्रबंधक वसीउल रहमान को बताया कि पिछले सत्र में तीन नोटिस दिया गया था। एक लाख रुपये जुर्माना भी हुआ है। यहां नोटिस चस्पा करने के बाद बीईओ ने स्कूल बंद करा दिया।
बीईओ 11 बजे गंधरिया फैज पहुंचे। पांचवीं तक मान्यता वाले स्कूल में इंटर की पढ़ाई होती पाई गई। यहां भी चेतावनी देकर हुए नोटिस चस्पा किया गया। बीईओ दुदरांक्ष गांव स्थित सीनियर सेकेंड्री स्कूल पहुंचे। यह स्कूल बिना मान्यता के चल रहा था। बीईओ ने प्रबंधक को नोटिस देते हुए तत्काल विद्यालय बंद कराने का निर्देश दिया। बीईओ धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि बीएसए के निर्देश पर गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों की जांच की जा रही है। बुधवार को तीन स्कूलों का निरीक्षण किया गया। दो स्कूलों का संचालन बिना मान्यता के किया जा रहा था। उन विद्यालयों को बंद कराया गया है।