बस्ती। नियमित व कोविड टीकाकरण में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को लखनऊ में एनएचएम के तहत आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अपर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विनोद कुमार व स्वास्थ्य विभाग की हेल्थ पार्टनर संस्था यूएनडीपी के जिला वैक्सीन प्रबंधक हरेंद्र मिश्रा शामिल रहे। वैक्सीनेशन टीम के सम्मानित किए जाने पर सीएमओ डॉ. आरपी मिश्र, एसीएमओ डॉ. एफ हुसैन, डॉ. एके मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने प्रसन्नता जताई है। टीम को यह सम्मान एनएचएम के तहत राज्य स्तर पर ई-विन से सम्बंधित आयोजित कार्यशाला में मिशन निदेशक अपर्णा उपाध्याय ने प्रदान किया। मिशन निदेशक ने टीकाकरण में जिले की ओर से किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। जिले में जहां एक ओर नियमित टीकाकरण काफी बेहतर है, वहीं कोविड के प्रीकॉशन डोज में सर्वाधिक लक्ष्य हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया था। कोविड कॉल में नियमित टीकाकरण का कार्य ठप पड़ गया था, इस दौरान काफी संख्या में बच्चे टीकाकरकण से वंचित हो गए थे। विभाग की ओर से छूटे हुए बच्चों को प्रतिरक्षित करने के लिए विशेष अभियान चलाकर ज्यादातर को टीका लगवाया। इसी के साथ जिले में वैक्सीन का रख-रखाव काफी बेहतर है।