परिवार नियोजन का लक्ष्य पूरा न करने पर सीएमओ को नोटिस
- बोलीं डीएम, ब्लॉकों में लगाए जाएं मेगा नसबंदी कैंप
- गोल्डन कार्ड बनाने में लापरवाह पंचायत सहायकों पर कार्रवाई के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। डीएम प्रियंका निरंजन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागर में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। परिवार नियोजन का लक्ष्य पूरा न करने पर सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गोल्डन कार्य बनाने में लापरवाही बरतने वाले पंचायत सहायकों पर भी कार्रवाई करने को कहा।
जिले में परिवार नियोजन लक्ष्य 2,266 के सापेक्ष महज 752 नसबंदी किए गए हैं। 10,000 के सापेक्ष महज 6,000 को परिवार नियोजन के साधन उपलब्ध कराए गए हैं। इस पर डीएम ने असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी ब्लॉक में मेगा नसबंदी कैंप लगाए जाएं।
आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई है। उन्होंने निर्देश दिया कि जो पंचायत सहायक लक्ष्य पूरा नहीं करेंगे उनकी संविदा का नवीनीकरण नहीं किया जाएगा। 50 से कम गोल्डन कार्ड बनवाने वाले पंचायत सहायकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाए।
समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लक्ष्य चालू माह में ही पूरा कराएं। उन्होंने बीएसए को निर्देश दिया कि प्राइमरी एवं जूनियर हाई स्कूल के रंग रोगन का कार्य पूरा कराएं। विद्यालयों में स्थापित इंडिया मार्क हैंडपंप के पानी की गुणवत्ता की जांच कराएं। सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अलाव जलवाना सुनिश्चित करें। गरीब और निराश्रित को कंबल वितरित कराएं।
ब ैठक का संचालन अर्थ एंव संख्याधिकारी मो. सादुल्लाह खां किया है। सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, सीएमओ डॉ. आरपी मिश्रा, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीसी एनआरएलएम रामदुलार आदि मौजूद रहे।