बस्ती। मतदान टोली के कर्मियों की विशेष ट्रेनिंग से गैर हाजिर 50 कर्मियों को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन के भीतर उन्हें जवाब देना है, जिसके अनुसार उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम डॉक्टर राजशेखर ने केडीसी में चल रहे प्रशिक्षण केंद्र का जायजा लिया। विभिन्न कारणों से करीब लगभग 50 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। पोस्टल बैलेट/ईडीसी के नोडल अधिकारी (परियोजना निदेशक डीआरडीए) के अलावा जिला कृषि अधिकारी, जिला प्रशिक्षण अधिकारी के साथ पहुंचे डीएम ने आंकड़ों की जानकारी ली। बताया गया कि प्रशिक्षण के तीसरा दिन तक 4300 कर्मियों को एलईडी टीवी, वीडियो, मौखिक और ईवीएम पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जो अनुपस्थित रहा उनके लिए शुक्रवार के दूसरे सत्र में अतिरिक्त प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की गई है।
डीएम ने बताया कि अब तक कुल 2104 व्यक्तियों ने पोस्टल बैलेट/ईडीसी के लिए अपने फॉर्म जमा किए हैं। जो कि कुल उपस्थिति का लगभग 50 प्रतिशत है। प्रशिक्षण के पहले दिन यह 12 प्रतिशत था। अब वह बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है। जो कि एक अच्छी प्रगति है, लेकिन हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि द्वितीय प्रशिक्षण से पहले 100 प्रतिशत पोस्टल बैलेट/ईडीसी प्राप्त कर लिया जाए। इस दौरान डीएम ने बताया कि प्रत्येक कमरे में ईवीएम पर कक्ष के अंदर प्रशिक्षण ( इन रूम ट्रेनिंग) के साथ ही किसी भी अधिकारी के ईवीएम पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण के लिए, जिसे लगता है कि उसे अतिरिक्त प्रशिक्षण की आवश्यकता है अथवा उसके किसी शक-संदेह को स्पष्ट करने के लिए के लिए केडीसी के हॉल में पांच ईवीएम रखी गई हैं। केंद्र के सभी 13 कमरों में टीवी पर वीडियो से संबंधित ईवीएम की कार्य प्रणाली, मतदान प्रक्रिया, मतदान कर्मियों के लिए क्या करें-क्या न करें और अन्य संबंधित चीजों को विस्तार से बताया जा रहा है। डीएम ने दो स्थानों पर प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया और बेहतर प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिभागियों के साथ बातचीत भी की।