संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। ब्लॉक क्षेत्र के दरियौना गांव में पांच वर्ष पहले बहुउद्देशीय कृषि भवन का निर्माण हुआ। इसके बनने के बाद ग्रामीणों को उम्मीद जगी एक ही भवन में खाद बीज कीटनाशक के साथ ही किसानों को उन्नतिशील खेती के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी मिलेंगे, मगर ग्रामीणों की यह सोच केवल कागजों में ही रह गई। निर्माण के बाद से अब तक यहां सिर्फ समय समय पर सिर्फ बीज वितरण ही होता है।
दरियौना गांव में करीब पांच वर्ष पूर्व 81 लाख की लागत से बहुउद्देशीय भवन का निर्माण कराया गया था, लेकिन भवन बनने के बाद दो कमरों में कुछ कर्मचारी बैठते हैं। किसान प्रमोद कुमार, राजेंद्र, हृदय राम आदि कहते हैं कि इस गोदाम पर सिर्फ समय समय पर बीज ही मिलता है। कृषि संबंधित अन्य सुविधा नहीं मिल पाती है। जबकि भवन के अन्य कमरों में सफाई न होने के कारण धूल मिट्टी की परत जमी हुई है। बीज गोदाम प्रभारी अरुण चौधरी ने कहा कि किसानों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जाता है। चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी की तैनाती न होने से सफाई की समस्या आती है।