बस्ती। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान और एसडीएम सदर शत्रुघ्न पाठक बुधवार को एसआईआर की प्रगति जाने के लिए मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने निकल पड़े। मतदेय स्थल डारीडीहा में निरीक्षण के दौरान माहौल बिगड़ गया। यहां बीएलओ के रूप में तैनात विकास विभाग के कर्मचारी एक भी एसआईआर फार्म पूर्ण नहीं दिखा सकें। इसी के बाद एसडीएम बिफर पड़े।
उन्होंने संबंधित बीएलओ को खूब खरी खोटी सुनाई। गुस्से में तहरीर लिखने तक का फरमान सुना डाला। बोले- कि सरकारी तनख्वाह लेने के बाद भी सरकारी कार्य नहीं कर रहे हो। एसडीएम का यह बोलते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। एसडीएम ने कहा कि बीएलओ बनाए गए विकास विभाग के बाबू और संबंधित बीडीओ के खिलाफ भी तहरीर दी जाए। इस दौरान बीएलओ क्षमा याचना करने लगे। हालांकि बाद में दोनों अफसर शांत हुए और सख्त चेतावनी देते हुए आगे बढ़ गए। भद्रेश्वरनाथ मतदेय स्थल पर पहुंचने पर भी लापरवाही सामने आई। एसआईआर फार्म भरने में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखी। यहां भी एडीएम और एसडीएम ने बीएलओ को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। एडीएम ने कहा कि यदि एसआईआर फार्म भरवाने में प्रगति नहीं आएगी तो कार्रवाई की जाएगी। दोनों अधिकारियों ने बरसांव मतदेय स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां स्थिति संतोषजनक पाई गई।