सरयू नदी में लापता विपिन की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम। संवाद
कलवारी। थाना क्षेत्र के टांडा पुल से 17 सितंबर को सरयू नदी में छलांग लगाने वाले 18 वर्षीय विपिन का पता चौथे दिन भी नहीं चला। जबकि एसडीआरएफ गोंडा और अयोध्या की दो अलग-अलग टीमों ने दिन भर नदी में सर्च अभियान चलाया।
अनुमान लगाया जा रहा है कि नदी का बहाव तेज होने के कारण युवक बस्ती से सीमा से दूर पहुंच गया होगा। लापता युवक के दुबौलिया थाना क्षेत्र के सेमरा मुस्तहकम गांव से परिजनों के अलावा ग्रामीण भी पहुंचे थे। एसडीआरएफ की टीमों ने सरयू नदी के पूरब तरफ 25 किलोमीटर तक दोनों तरफ तलाश किया लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
एक दिन पहले ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर बस्ती-टांडा मार्ग पर जाम कर दिया था। इसके बाद रविवार को अयोध्या से एक टीम और बुलाई गई। बावजूद इसके लापता युवक का पता नहीं चल पाया है। देर शाम सर्च अभियान बंद होने के बाद परिजन और ग्रामीण निराश होकर लौट गए।