नगर बाजार। नगर पंचायत के पालनगर वार्ड में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गर्मी से बिलबिलाए लोग नगर फीडर आकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस दौरान उपभोक्ता बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष यशराज के नेतृत्व में धरना दिया गया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि पालनगर क्षेत्र में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। जिससे गर्मी के चलते लोगों का घरों में रहना मुहाल हो गया है। बिजली न रहने से पेयजल संकट, बच्चों की पढ़ाई और अन्य दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
लोगों ने कहा कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस मौके पर मस्तराम, जयप्रकाश, संजय, विपिन, उदय चंद्र गौतम, लाल जी कसौधन, राममिलन, सुरेश, मनोज आदि मौजूद रहे।