कोरोना का एक भी मरीज नहीं मिला, अब 11,709 लोग मिल चुके हैं संक्रमित
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में शुक्रवार को भी कोरोना संक्रमण के एक भी केस नहीं मिला। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में 72 घंटे में जिले में कोरोना संक्रमण का कोई केस नहीं आया है। जबकि कोरोना पॉजिटिव एक निगेटिव हो गया, जिसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में अब मात्र छह एक्टिव केस हैं। जबकि मौत की संख्या 330 है।
सीएमओ डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि जिले में हर दिन औसतन 25 सौ लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज से हर दिन रिपोर्ट आ रही है। टीकाकरण के चलते स्थिति नियंत्रित हुई है। संक्रमण कम जरूर हुआ है, मगर खतरा अब भी टला नहीं है। ऐसे में जागरूकता व कोरोना गाइडलाइन का पालन जरूरी है। लोगों की जरा सी लापरवाही से खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। जरूरी हो तो घर से निकलें, मगर मास्क लगाकर। जिले में अब तक 6,73,548 नमूने एकत्रित किए गए हैं। इनमें से 6,61,774 की रिपोर्ट आ गई है जिसमें से 6,50,065 नमूने निगेटिव पाए गए, जबकि 11,709 पॉजिटिव केस हैं। 11,774 नमूनों के परिणाम का इंतजार है, जबकि अब तक 11357 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।
--------
जिले में केवल दो कंटेनमेन जोन
बस्ती। जिले में लगातार कम हो रहे संक्रमण के चलते अब मात्र दो कंटेनमेंट जोन सक्रिय है। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने बताया कि हर्रैया व भानपुर में एक-एक कंटेनमेंट जोन हैं। पिछले वर्ष शुरूआत से अभी तक कुल 3,471 कंटेनमेंट जोन बनाए गए, जिसमें से 3,469 समय पूरा होने पर समाप्त कर दिए गए।