महादेवा। कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तापमान प्रतिदिन लुढ़क रहा है। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से विकासखंड बनकटी के महादेवा चौराहे पर अलाव का इंतजाम नहीं होने से लोग काफी परेशान है। स्थानीय निवासी हरिद्वार, रामचंद्र, रामधनी अग्रहरि कहते हैं कि पहले सामाजिक संगठन भी राहत पहुंचाने के लिए आगे आते थे। इस बार कोई प्रशासन के साथ समाजसेवी भी शांत है। डाॅ. आशुतोष, राजेश, राकेश, रमेश चंद्र, आदि ने बताया कि इस भीषण ठंड में अलाव से राहत मिलेगी। महादेवा बाजार के व्यापारी रमेश का कहना है कि ठंड एवं गलन के चलते दुकान में बैठना कठिन हो गया है। बाहर गत्ता आदि जलाकर हम लोग अलाव की व्यवस्था कर रहे हैं। इसके के अलावा, कुरियार बाजार, लहरी चौराहा, बोकनार आदि जगहों पर भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।