मुंडेरवा। मुंडेरवा-महादेवा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में मारे गए युवक के परिजनों से मिलने राष्ट्रीय निषाद एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अमित निषाद शनिवार को पहुंचे। हादसे में भैंसा पांडेय गांव के खेवटहिया निवासी प्रदीप कुमार निषाद (18) पुत्र चैतू निषाद की मौत हो गई थी, जबकि राहुल और प्रमोद गंभीर रूप से घायल हुए थे।
डॉ. अमित निषाद ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने घटना के संबंध में एसडीएम बस्ती सदर शत्रुघ्न पाठक से वार्ता कर मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। एसडीएम ने शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री संजय निषाद के विभाग से पीड़ित परिवार को अनुदान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रविंद्र मणि निषाद, प्रदेश सचिव दीपू निषाद, जिलाध्यक्ष मनीषा निषाद, रामू निषाद, संदीप निषाद, श्यामसुंदर पांडेय, राम प्रकाश, प्रमोद सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।