प्रत्येक विद्यालयों को कायाकल्प के लिए मिलेंगे दो-दो करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शासन ने परिषदीय स्कूलों में व्यवस्थाएं सुधारने के लिए पीएमश्री योजना में जिले के नौ और स्कूलों को शामिल किया है। वर्ष 2024-25 के लिए इन स्कूलों को पीएमश्री में शामिल किया गया है। इससे पहले 13 स्कूलों का चयन किया जा चुका है। अब इस योजना में शामिल स्कूलों की संख्या 22 हो गई है। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूलों को कायाकल्प के लिए दो-दो करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
पीएमश्री योजना में स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं के विकास और एकेडमिक स्पोर्ट पर ध्यान दिया जा रहा है। शासन ने नौ ब्लाॅको से एक-एक स्कूलों का चयन किया है। प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट स्कूल पीएमश्री योजना में शामिल किए गए हैं। स्कूलों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, विज्ञान व रसायन लैब, कंप्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी कक्ष, लैब उपकरण, चहारदीवारी, आर्ट-क्राफ्ट रूम, सोलर पैनल, खेल का मैदान, किचन गार्डन और दिव्यांग शौचालय आदि सुविधाओं को सुधारा जाएगा।
बीएसएस अनूप कुमार ने बताया कि नए वित्तीय वर्ष में जिले के नौ स्कूलों की सूची पीएमश्री योजना के लिए आई है। स्कूलों को विकास के लिए दो-दो करोड़ रुपये मिलेंगे। सूची पर कार्य जल्द शुरू करा दिया जाएगा।
..
शिक्षा सचिव ने भेजा पत्र
नगर पंचायत नगर बाजार की अध्यक्ष नीलम सिंह राना को महानिदेशक शिक्षा भारत सरकार के सचिव ने पत्र भेजकर पीएमश्री योजना के लिए पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगर को चयनित करने की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी है। राना ने 9 सितंबर को पत्र लिखकर नगर के जूनियर हाईस्कूल को पीएमश्री योजना में चयन कराने का अनुरोध किया था। भारत सरकार के अनु सचिव विपेंद्र चंद्र चमोली ने महानिदेशक उत्तर प्रदेश शासन को पत्र भेजकर विद्यालय को चयनित कराने की कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
..
इन विद्यालयों का योजना में हुआ पीएम श्री में चयन
-रुधौली ब्लाॅक का प्राथमिक विद्यालय मझौवा कला द्वितीय
-हर्रैया ब्लॉक का कंपोजिट विद्यालय पुरैना खास
-विक्रमजोत ब्लॉक का कंपोजिट विद्यालय. इमिल्फ़या
-रामनगर ब्लॉक का कंपोजिट विद्यालय मझारी
-बस्ती सदर ब्लॉक का प्राथमिक विद्यालय मूड़घाट
-गौर ब्लॉक का प्राथमिक विद्यालय मूसा प्रथम
-दुबौलिया ब्लॉक का कंपोजिट विद्यालय फरसाहन
-बनकटी ब्लॉक का कंपोजिट विद्यालय देवामी
-परशुरामपुर ब्लॉक का कंपोजिट विद्यालय जगदीशपुर