- राशन कार्डों की ई केवाईसी व योजनाओं में लाभ के लिए अपडेट करा रहे आधार
- सुबह 6 बजे से लाइन लगाने के बाद भी होना पड़ रहा है निराश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सरकारी योजना का लाभ लेना हो या अन्य कोई कार्य, सभी में अब आधार कार्ड को अनिवार्य कर दिया गया है। नए आधार कार्ड बनवाने व पुराने अपडेट करवाने में लोगों को पसीने छूट रहे है। आधार सेंटरों पर सुबह से शाम तक भीड़ देखने को मिल रही है। इनमें बच्चों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बच्चे स्कूल तो बड़े कामकाज छोड़कर आधार कार्ड के लिए लाइन में लग रहे हैं।
इन दिनों राशन कार्डों की ई-केवाईसी की प्रक्रिया चल रही है। वहीं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी आधार कार्ड जरूरी हो गया है। इसे देखते हुए आधार अपडेट कराने वालों की भीड़ आधार केंद्रों पर अधिक देखने को मिल रही है। शनिवार को प्रधान डाकघर में बच्चों की भीड़ देखने को मिली। घंटों इंतजार के बाद कुछ को सफलता मिली तो कई बच्चे व उनके अभिभावक निराश होकर लौट गए।
पुरानी बस्ती की सावित्री ने बताया कि नंबर जल्द आ जाए, इसलिए वह सुबह 6 बजे ही यहां आ गई थी। इसके बाद भी दोपहर 12 बजे नंबर आ पाया है। बताया कि राशन कार्ड की ई-केवाईसी कराने के लिए दो बच्चों के आधार को अपडेट कराने आए हैं। बच्चे स्कूल को छोड़कर आए हैं। नगर क्षेत्र के शिवराम ने बताया कि आधार के लिए बैंक से लेकर डाकघर तक दौड़ लगानी पड़ रही है। घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। फिर भी काम नहीं हो पा रहा है। उल्लेखनीय है कि ई-केवाईसी के अलावा स्कूलों में भी बच्चों के आधार मांगे जा रहे हैं।
...
कोट
जिले के प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन 40-50 लोगों के आधार संशोधन, सुधार, अपडेट आदि का कार्य किए जा रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टोकन देकर तिथि निर्धारित कर दी जा रही है। इससे कार्यों में तेजी आ रही है और लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना पड़ रहा है।
-रवि कुमार, डाक अधीक्षक