बस्ती। दो माह से वेतन न मिलने से नाराज एनएचएम कर्मियों ने मंगलवार को भी विरोध जताया। सीएमओ कार्यालय, जिला, महिला व ओपेक चिकित्सालय कैली समेत सभी सीएचसी-पीएचसी में कार्यरत संविदा कर्मियों ने अधिकारियों को ज्ञापन दिया और बकाया मानदेय जल्द देने के लिए आवाज उठाई।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि अगर 20 मई तक वेतन का भुगतान नहीं होता है तो 21 मई से कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। इसके लिए शासन सीधे तौर पर जिम्मेदार होगा। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ, जिला इकाई के महामंत्री गौरव शुक्ला ने बताया कि एनएचएम कर्मियों के साथ सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। अल्प वेतन भोगी कर्मियों को पिछले दो माह का वेतन नहीं मिला है, तीसरा महीना भी आधा गुजर चुका है। बाहर से आकर व किराये पर मकान लेकर नौकरी करने वालों का बुरा हाल है।
हालत यह है कि कर्मी बच्चों की फीस व उनके दूध का प्रबंध नहीं कर पा रहा है। दूर-दराज नौकरी करने वालों को अब ड्यूटी पर पहुंचना मुशिकल हो रहा है। प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर 20 मई तक नियमित रूप से बाहों पर काला फीता बांधकर कार्य करने का निर्णय लिया गया है। इसके बाद भी अगर शासन सोता रहा तो 21 मई से संविदा कर्मी पूर्ण हड़ताल पर चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पूरी व्यवस्था एनएचएम कर्मियों पर ही निर्भर है। अगर कर्मी हड़ताल पर जाते हैं तो स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा सकती हैं। आम लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. एसबी सिंह व सीएमओ डॉ. राजीव निगम को ज्ञापन सौंपा। जिला अस्पताल के संविदा कर्मचारियों ने एसआईसी डॉ. खालिद रिजवान को ज्ञापन देकर कहा है कि 20 मई तक वेतन नहीं दिया गया तो 21 से कार्यबहिष्कार होगा। वहीं, महिला अस्पताल में संविदा कर्मचारियों ने सीएमएस डॉ. अनिल कुमार को ज्ञापन दिया। मांग किया कि 20 मई तक वेतन नहीं मिला तो कार्य-बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा।
संगठन मंत्री राकेश कुमार, अविनाश सिंह, डॉ. दीपक श्रीवास्तव, अनुज सिंह, कीर्ति आनंद, प्रीति पांडेय, नीरज श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह, अनुराधा सिंह, तनुजा, अनीता, माया आदि मौजूद रहे।
-
गौर में काला फीता बांधकर संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने जताया विरोध
गौर। दो माह से मानदेय न मिलने से नाराज सीएचसी गौर के संविदा कर्मियों ने मंगलवार को काला फीता बांधकर विरोध जताया। कहा कि 20 मई तक भुगतान नहीं हुआ तो 21 से कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। डॉ. जेपी यादव, डॉ. अवनीश जायसवाल, स्टाफ नर्स सुमित सिंह, संतोष कुमार, मालती चौधरी, राधिका देवी व फार्मासिस्ट राम सुरेश वर्मा, राम अवतार एवं ऑपरेटर लीलाधर आदि ने बताया कि मानदेय न मिलने से सांसत हो रही है। संवाद