सीएमओ को ज्ञापन देते एनएचएम कर्मी स्रोत संगठन
बस्ती। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) कर्मियों ने मानदेय भुगतान में हो रहे विलंब के समाधान तथा तत्काल सुधार लाकर समय से भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए शुक्रवार को प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश शासन संबोधित ज्ञापन सीएमओ को और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपा।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 1.50 लाख संविदा कर्मचारी तैनात हैं, जिनको माह जुलाई 2025 से ही अपने पारिश्रमिक के रूप में मिलने वाले मासिक मानदेय का समय से भुगतान नहीं हो पा रहा है। एक माह का मानदेय दो माह अथवा उससे अधिक समय बीत जाने के बाद मिल रहा है।
मानदेय मिलने में लगातार देरी होने के कारण अल्प वेतन भोगी संविदा कर्मचारियों को आर्थिक व मानसिक संकट का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही इस आर्थिक तंगी से परेशान हैं। संगठन ने पिछले लगभग छह माह में कई बार उच्चाधिकारियों से वार्ता व पत्राचार किए जाने के बावजूद भी मानदेय भुगतान व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। संगठन की मांग है कि संविदा कर्मचारियों के मानदेय का प्रत्येक माह की सात तारीख तक अनिवार्य रूप से भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।
बिल फेल, लिमिट शून्य एवं बजट जैसी तकनीकी व प्रशासनिक समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए स्पष्ट एवं बाध्यकारी दिशा-निर्देश जारी किया जाए। समस्त लांबित मानदेय का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। भविष्य में मानदेय विलंब की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए समयबद्ध भुगतान एसओपी जारी की जाए।
चेतावनी दिया कि यदि भविष्य में प्रत्येक माह की सात तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जाता है तो समस्त संविदा कर्मचारियों के साथ नो पे-नो वर्क की थीम पर कार्य बंद कर जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।