बस्ती। मौसम में उतार चढ़ाव से बच्चों में उल्टी दस्त, पेट दर्द और बुखार की समस्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल और कैली मेडिकल काॅलेज के बाल रोग की ओपीडी में इन दिनों 40 फीसदी से अधिक बच्चे मौसमी बीमारियों की चपेट में पहुंच रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती होने वाले बच्चों की संख्या भी बढ़ी है। पिछले सात दिन में जिला अस्पताल में 110 बच्चे भर्ती हुए है। हालांकि, जल्दी ठीक हो जाने के कारण ज्यादातर भर्ती बच्चे दो चार दिनों में ही ठीक होकर घर चले जा रहे हैं। चिकित्सक इलाज के साथ ही अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने और सफाई का विशेष ख्याल रखने की सलाह दे रहे हैं।
तेज धूप और गर्मी के बाद अचानक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 30 से 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसका असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। मौसम के इस बदलाव से सबसे अधिक बच्चे प्रभावित हो रहे है। कम प्रतिरोधक क्षमता के कारण वह उल्टी दस्त, पेटदर्द और बुखार की चपेट में आ रहे हंै।