बस्ती। एक अप्रैल से विद्यालयों का नया सत्र शुरू हो रहा है। नए सत्र में परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को रिपोर्ट कार्ड और नए सत्र की किताबें वितरित की जाएंगी। फूलों की वर्षा कर बच्चों का स्वागत किया जाएगा। नामांकन बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा परिषद की कक्षा एक से आठ तक की परीक्षा समाप्त होने के बाद कापियों के मूल्यांकन और रिपोर्ट कार्ड देने की तैयारी है। हालांकि, 29 मार्च को ही बच्चों को रिपोर्ट कार्ड दिया जाना था। लेकिन 28 मार्च को अवकाश होने के कारण मौखिक परीक्षा 29 मार्च को कराई गई। 30 को रविवार और 31 मार्च को ईद का अवकाश पड़ने से एक अप्रैल को बच्चों को विद्यालयों में रिपोर्ट कार्ड देने की योजना है। शिक्षकों का कहना है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद उसी समय अधिकतर कापियों का मूल्यांकन कर दिया गया है। कक्षा पांच और आठ की कापियों का मूल्यांकन न्याय पंचायत स्तर के विद्यालयों के अध्यापकों को करना है। कापियों को मूल्यांकन के लिए भेज दिया गया है। उम्मीद है एक अप्रैल को बच्चों को रिपोर्ट कार्ड दिया जाएगा।
नए सत्र पर विद्यालय आने वाले बच्चों के स्वागत की तैयारी पूरी कर ली गई है। एक शिक्षक के मुताबिक बच्चों पर पुष्प वर्ष कर स्वागत किया जाएगा और बच्चों के प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। स्कूल चलो अभियान के तहत शिक्षक घर-घर पहुंचकर अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने के लिए आग्रह करेंगे। शिक्षा विभाग ने नए सत्र में बच्चों के नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया है। विभाग का दावा था कि नए सत्र से बच्चों को किताबें उपलब्ध करा दी जाएंगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने 12,34,732 किताबों का क्रय आदेश दिया था। ज्यादातर पुस्तकें विभाग को मुहैया करा दी गई हैं। किताबें बीआरसी से विद्यालयों पर पहुंचाई जाएंगी।