एमडीएम खाद्यान वितरण में अनियमितता की पुष्टि होने पर एबीएसए रामनगर नीरज कुमार सिंह की तहरीर पर प्रधानाचार्य मोहम्मदनगर इंद्र बहादुर के खिलाफ सोनहा पुलिस ने सोमवार की देर रात गबन का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि असनहरा पुलिस चौकी अंर्तगत संतकबीर शंकरदास इंटरमीडिएट कॉलेज मोहम्मद नगर से एमडीएम के खाद्यान्न की कालाबाजारी करने को लेकर ग्रामीणों की ओर से शिकायत करते हुए टैक्टर-ट्रॉली पर लाद के ले जाया जा रहा खाद्यान्न्न पुलिस के हवाले कर दिया था। ग्रामीणों ने एसडीएम गिरीश कुमार झा को सूचना देकर मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने की मांग की थी।
एसडीएम के निर्देश पर एबीएसए रामनगर नीरज कुमार सिंह, पूर्ति निरीक्षक कुलभूषण श्रीवास्तव ने चौकी इंचार्ज के साथ विद्यालय में पहुंचकर एमडीएम खाद्यान्न और उससे जुडे़ अभिलेखों की जांच पड़ताल की थी जिसमें अनियमितता पाए जाने पर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट की गई थी। प्रधानाचार्य को दोषी मानते हुए केस दर्ज कराया गया है।