बस्ती। कंपनीबाग-बड़ेवन फोरलेन के अधूरे नाले को समय से पूरा करने में ढिलाई बरती जा रही। आपाधापी में कराए जा रहे कई कार्य लापरवाही की भेंट भी चढ़ रहे। नियमों को ताक पर रखकर सीमेंट की पलती दीवार आड़ा-तिरछा खड़ी कर नाला पूरा करने की योजना थी।
इस पर अमर उजाला में 11 नवंबर को खबर प्रकाशित हुई तो अफसर हलकान हुए और पूर्व में कराए गए नाला निर्माण को ध्वस्त करना पड़ा। अब नए सिरे से मोटी ईंट की दीवार खड़ी करके नाला का निर्माण शुरू कराया गया।
लोगों ने बताया कि कंपनीबाग पर जो नाला बना रहे उसकी गुणवत्ता पर सवाल है। पतली दीवार से बन रहे नाले एक ही झटके में ढह जाएंगे। बनाए जा रहे नाले की ऊंचाई और खराब ईंट और सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। अभी अधिकांश जगहों पर नाला कार्य अधूरा है। बताया गया कि 1.750 किमी. की लंबी इस फोरलेन सड़क पर 16.50 करोड़ से अधिक खर्च हो रहे हैं।
बता दें कि शहर के कंपनीबाग-बड़ेवन फोरलेन सड़क निर्माण कार्य वैसे तो पूर्ण है, लेकिन अधूरे कार्य को जल्द पूरा करने में कर्मी जुट गए हैं। नाला निर्माण तो चल रहा है, साथ ही स्ट्रीट लाइटों को लगाने के लिए फोरलेन सड़क गड्ढे बनाए जा रहे, लेकिन खुदाई के बाद गड्ढे छोड़ दिए गए हैं, इससे आए दिन लोग उसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, कंपनीबाग, कृषि कार्यालय, तहसील गेट और बीडीए कार्यालय के सामने बनाए जा रहे नाला की गुणवत्ता पर लोग टेक्निकल जेई पर सवाल कर रहे हैं। अब पूर्व में सीमेंट के पतली दीवार के सहारे बने नाले को बृहस्पतिवार को ढहा दिया गया। अब नए सिरे से वहां ईंट की मोटी दीवार खड़ी कर नाले का निर्माण शुरू कराया गया है।