बस्ती। जिले में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) तीन मई को जिले के 19 केंद्रों पर हुई थी। परीक्षा में कुल, 6322 बच्चे शामिल हुए थे। परिणाम आने का इंतजार कर ही रहे थे कि अब परीक्षा निरस्त होने की सूचना पर वह मायूस हो गए। अभिभावक भी चिंतित हो गए कि अब फिर से बच्चों की तैयारी करवाकर परीक्षा दिलानी पड़ेगी।
11 मई को परीक्षा को यह कहते हुए निरस्त कर दिया कि पेपर लीक हो गया है। यह सुनते ही बच्चों और अभिभावकों में निराशा छा गई। क्योंकि, बच्चों को कोचिंग के लिए बाहर भेजा था और तैयारी कराई थी, अब फिर परीक्षा की तैयारी करनी पड़ेगी। वहीं, परीक्षा दे चुके बच्चों के समक्ष फिर परीक्षा की चिंता दौड़ गई। क्योंकि, अब पेपर कैसा आएगा और कैसे तैयारी करेंगे, इसको लेकर चिंतित हैं।
नीट की हर साल परीक्षा होती है। इसमें रैंक के हिसाब से बच्चों को सरकारी और निजी कॉलेज में एमबीबीएस में प्रवेश मिलता है। यहां हुई परीक्षा में 131 बच्चों में परीक्षा छोड़ दी थी। कोई साल भर तो कोई दो या तीन साल की तैयारी करने के बाद परीक्षा में इसी उम्मीद से बैठा था कि अच्छे अंक के साथ अच्छा रैंक प्राप्त करेंगे। परीक्षा परिणाम के इंतजार में बच्चे लगे थे कि मंगलवार को ऐसी खबर आई कि पेपर लीक होने के कारण परीक्षा ही निरस्त कर दिया गया है।
सोशल मीडिया और अन्य माध्यम से जब इसके बारे में जानकारी मिली तो बच्चों के साथ अभिभावकों में निराशा छा गई। क्योंकि, फिर बच्चों को उतनी तैयारी के साथ परीक्षा में बैठना होगा। इसके बा भी पेपर कैसा आएगा, इसका कोई अंदाजा नहीं है। वहीं, अभिभावक बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। कुछ बच्चों और अभिभावकों से बात हुई तो उन्होंने चिंता जाहिर की है।
-
परीक्षार्थी बोले - सरकार मानसिक प्रताड़ना कर रही
सारी तैयारी के साथ नीट का पेपर दिया था। परीक्षा रद्द होने से सारी मेहनत पर पानी फिर गया है। आगे क्या होगा समझ में नहीं आ रहा है। सरकार मानसिक प्रताड़ना कर रही है। यह बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ है।
-संजीव नायक, नीट परीक्षार्थी
-
नीट की परीक्षा दिए थे। पेपर बढ़िया था। उम्मीद थी कि अच्छा रैंक आएगा। अच्छे कॉलेज में प्रवेश मिल जाएगा। मगर, निरस्त होने की खबर ने हिला दिया। परीक्षा निरस्त होने के बाद अब फिर मेहनत करनी पड़ेगी।
-शौर्य शुक्ला, नीट परीक्षार्थी
-
पेपर के दौरान ही सुरक्षा बेहतर करनी चाहिए
नीट परीक्षा काफी कठिन होती है। इसके लिए कई साल से बच्चे तैयारी करते हैं। मगर, एक झटके में यह कहकर परीक्षा निरस्त कर दी गई कि पेपर लीक हो गया है। पेपर के दौरान ही सुरक्षा बेहतर करनी चाहिए।
-मनीष शुक्ल, पिकौरा, बस्ती अभिभावक
-
अब फिर से बच्चे को नीट परीक्षा के लिए तैयार करना होगा। पेपर लीक होने के मामले में बच्चे अब हतोउत्साहित हो रहे हैं। परीक्षा में ऐसी सुविधा हो कि पेपर लीक न हो। नीट परीक्षा आसान नहीं, फिर बच्चा तैयारी करेगा।
-अजय कुमार, अभिभावक
-