सर्किट हाउस में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते रालोद मुखिया व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी- संवा
बस्ती। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बृहस्पतिवार को अमहट घाट स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वाल्टरगंज चीनी मिल को चलवाने का प्रयास किया जाएगा। दावा किया कि बिहार में फिर एनडीए की सरकार बननी तय है।
उन्होंने कहा कि उद्यमिता विकास कार्यक्रमों के जरिये युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। बिहार चुनाव को लेकर जयंत चौधरी ने कहा कि आज का नौजवान जाति-पांति से ऊपर उठकर विकास चाहता है। वाल्टरगंज चीनी मिल के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह निजी मिल है जिस पर भारी कर्ज है। किसानों और श्रमिकों को आंशिक भुगतान किया गया है। किसानों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा है, जिस पर विचार किया जाएगा कि मिल को कैसे दोबारा चालू किया जाए।
सबेरे से बूंदाबांदी और बारिश के कारण वाल्टरगंज स्थित देशराज नारंग इंटर कॉलेज में प्रस्तावित रैली स्थगित करनी पड़ी। जयंत चौधरी श्रीपालपुर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने ग्राम प्रधानों और क्षेत्रीय किसानों से मुलाकात की। उन्होंने कॉलेज परिसर में ओपन जिम देने की घोषणा की। पत्रकारों से कहा कि केंद्र सरकार किसान हितों के प्रति पूरी तरह समर्पित है। गन्ने का मूल्य 30 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाना किसानों के लिए राहत भरा कदम है।
कार्यक्रम में रालोद के राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय, राष्ट्रीय महासचिव अनिल दूबे, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, सांसद चंदन सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। ऐश्वर्य राज सिंह ने सर्किट हाउस में मंत्री का स्वागत करते हुए किसानों की समस्याओं से अवगत कराया और गन्ना बकाया भुगतान तथा मिल संचालन की मांग रखी। इसी क्रम में श्रीपालपुर गांव में क्षेत्रीय अध्यक्ष विवेक चौधरी के नेतृत्व में ग्राम प्रधान अमरनाथ चौधरी, शंकर उर्फ गुलाला चौधरी, हरेंद्र चौधरी, वीरेंद्र चौधरी, अनूप गुप्ता, रामसजीवन चौधरी, गंगाराम राजभर, मोहम्मद शमी आदि ने रालोद की सदस्यता ली।