बस्ती। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट मुख्यालय और सभी तहसील मुख्यालयों पर लगने वाली लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के वादों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेंद्र कुमार प्रथम ने बताया कि लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के मार्गदर्शन में होगा। इसमें आपराधिक शमनीय वाद, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के मामले, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, श्रम और पारिवारिक विवादों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अलावा भूमि अधिग्रहण, विद्युत एवं जलकर विवाद, वेतन और सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े सेवा संबंधी मामले भी लिए जाएंगे। राजस्व वादों के साथ किराया, सुखाधिकार, व्यादेश, विशिष्ट अनुतोष और आर्बिट्रेशन से संबंधित मामलों का भी निस्तारण होगा।
सचिव ने बताया कि ऐसे अन्य वाद भी लोक अदालत में रखे जा सकते हैं, जिनका समाधान आपसी सहमति से संभव है। उन्होंने संबंधित पक्षकारों से लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने की अपील की।