25 हजार रुपये का इनामी और निलंबित नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ला को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। करीब 10 दिन बाद हत्थे चढ़े आरोपी को पुलिस ने सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अगली सुनवाई आठ दिसंबर को होगी। घनश्याम शुक्ला पर एक महिला अधिकारी के आवास में घुसकर हत्या का प्रयास और दुष्कर्म की कोशिश का केस दर्ज है।
एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने मीडिया को बताया कि आरोपी नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ला को गिरफ्तार करने के लिए एसओजी सहित छह टीमें लगी थीं। एसओजी की मदद से आरोपी को सोमवार को दोपहर में करीब 1.45 बजे रोडवेज तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। नायब तहसीलदार पर फरारी के दौरान पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस बीच उसने इलाहाबाद हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर कर दी थी। इस पर सुनवाई होनी है।