बस्ती। थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की मौत के बाद घटनास्थल से सुसाइड नोट न मिलने से घटना रहस्य बनी है। यह गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस उनके सीयूजी और निजी नंबरों की जांच करेगी। मोबाइल की जांच से पुलिस यह पता लगाएगी कि घटना से ठीक पहले उनकी किन-किन लोगों से बातचीत हुई थी। क्या वे किसी मानसिक तनाव या बाहरी दबाव में थे। इसी से कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके भावुक संदेश के पीछे की मंशा जानने की कोशिश भी की जा रही है। इसी से उनके किसी मानसिक परेशानी का अनुमान लगाने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद थानाध्यक्ष के सरकारी आवास पर पुलिस तैनात की गई है। मकान को सील किया गया है। वहां किसी को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पूरे परिसर व गलियों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। उधर से गुजर रहे राहगीर भी घटना को लेकर आपस में तरह-तरह की चर्चा करते नजर आ रहे हैं। संवाद