रस्सी से गला घोंटकर की गई थी शिवबालक की हत्या
विक्रमजोत (बस्ती)। स्वर्ण व्यवसायी शिवबालक की मौत रस्सी से गला कसने की वजह से हुई थी। हर्रैया थाने के अलावलपुर के निवासी शिवबालक सोनी (75) की बुधवार सुबह छावनी थाने के पखेरी व लजघटा गांव के बीच मनोरमा नदी के किनारे स्थित कब्रिस्तान में बोरे में भरी लाश मिली थी।
पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शिवबालक की बहू दुर्गावती की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या करने व शव छिपाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, कुछ निकट संबंधियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
घटनास्थल के पास सफेद रंग की एक चादर बरामद की गई थी जो टेंट हाउस की है। इसके कारण टेंट हाउस कारोबारी से पुलिस पूछताछ कर रही है। इसके अलावा शिवबालक के घर आने-जाने वाली युवती, उसकी जमीन का सौदा कर रहे लोग भी इसमें शामिल हो सकते हैं। ऐसा पुलिस का मानना है। एक स्वर्ण व्यवसायी से भी पुलिस जानकारी ले रही है जिससे शिवबालक का व्यावसायिक लेनदेन करता था।