सूरत में पली बढ़ी दीपमाला की परसादपुर गांव में हुई थी शादी
मो. जाहिद
नगर बाजार (बस्ती)। मासूम बेटी आइशा उर्फ ईशू की गला घोंटकर हत्या करने की आरोपी मां दीपमाला का पता दूसरे दिन मंगलवार को भी नहीं चल सका। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह सूरत में अपने पिता श्याम बिहारी के पास चली गई होगी। वहीं पति व ससुराल के अन्य लोग भी ऐसी ही आशंका जता रहे हैं। यह तो एक पक्ष है। मगर हत्या दीपमाला ने ही की इसका पर्दाफाश होना अभी शेष है। वहीं पति की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर पुलिस मोबाइल की लोकेशन के आधार पर आरोपी दीपमाला को तलाश रही है।
एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि कलवारी थाने के केंवचा निवासी श्याम बिहारी परिवार सहित गुजरात के सूरत में रहते हैं। दीपमाला वहीं पली-बढ़ी। शहरी परवरिश से शादी के बाद उसे परसादपुर जैसे गांव में रहना पड़ा, जहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में वह बार-बार सूरत जाने की जिद कर रही थी। कुछ दिनों तक उसे ससुराल के लोग टालते रहे। फिर लॉक डाउन का बहाना बनाकर उसे समझाते रहे। लॉकडाउन खुलने के बाद वह फिर सूरत जाने को कह रही थी। सोमवार को इसे लेकर पति-पत्नी में विवाद भी हुआ था। इसके बाद दीपमाला घर से लापता हो गई। पर, बेटी की हत्या उसने क्यों कि यह किसी को समझ में नहीं आ रहा है। एक ओर पुलिस दीपमाला के सूरत अब उसके पति और ससुराल के तमाम लोगों का कहना है कि बेटी की हत्या करके वह सूरत भाग गई।
शादी से पहले स्कूल में पढ़ाती थी दीपमाला
उच्च शिक्षा प्राप्त दीपमाला शादी से पहले सूरत के निजी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पढ़ाती थी। मगर गांव में शादी हो जाने के बाद पढ़ाई का कोई महत्व नहीं रह गया था। पुलिस अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है।
पिता के नहीं थम रहे आंसू
मासूम आईशा का स्वभाव काफी चंचल था। पिता दुर्गा प्रसाद यादव ने बताया कि वह दिन भर खेलती रहती थी। काम से वापस घर आते ही दौड़कर पास आ जाती थी। ईशू की इस तरह से मौत होने से गांव के लोग भी हतप्रभ हैं। लोगों की जुबान पर एक ही चर्चा थी कि यह कैसी मां है, जिसने अपनी ही इकलौती बेटी का गला घोंट दिया।