कलवारी थाना क्षेत्र के मुरादपुर पोलिंग बूथ पर मंगलवार को हुए बवाल को लेकर कलवारी पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा पीठासीन अधिकारी की तहरीर पर जबकि दूसरा एसओ की तहरीर पर दर्ज किया गया है। पीठासीन अधिकारी ने कुछ अज्ञात व्यक्तियों पर भी केस दर्ज कराया है, जबकि एसओ ने 23 को नामजद करने के साथ दो सौ से ढाई सौ अज्ञात पर केस किया है।
नामजद लोगों में से नौ को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।मुरादपुर पोलिंग बूथ पर तैनात पीठासीन अधिकारी मनोज कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि कुछ अज्ञात लोगों ने मतदान समाप्ति के उपरांत मतदान कर्मियों को रोक कर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए ईंट पत्थर से मारकर वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया। अनुपयुक्त
बैलेट पेपर को फाड़कर नष्ट कर दिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में कुछ अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्घ मुकदमा पंजीकृत किया है। वहीं एसओ अखिलेश सिंह की तहरीर में कहा गया है कि बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान समाप्ति के बाद एक राय होकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अनुपयुक्त बैलेट पेपर लूटने का प्रयास किया और बैलेट पेपर फाड़ दिए।
कहा कि ईंट पत्थर मारकर घायल करने और पोलिंग पाटियों को वापस जाने से रोकने से बूथ पर अफरा तफरी का माहौल बन गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुरादपुर निवासी रामदरश, अखिलेश कुमार, अभिषेक, धर्मेंद्र यादव, रामचंद्र, चंद्रभान, रामउजागिर, विजयशंकर, मदनपुर निवासी रवि ओझा, जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी रामअनुज मिश्र, चंद्रेश, राजू, स्वामीनाथ, अमित, मनोज यादव, दुर्गा यादव, अरविंद यादव, मोतीलाल, राजेंद्र प्रसाद, ज्ञानेंद्र पांडेय, सुरेंद्र, मनीराम, अवधेश के विरुद्ध नामजद और दो सौ से ढाई सौ के बीच अज्ञात पर विभिन्न धाराओं में केेस दर्ज किया गया है।
इनमें से पुलिस ने रामदरश, अखिलेश कुमार, अभिषेक, धर्मेंद्र यादव, रामचंद्र, चंद्रभान, रामउजागिर, विजयशंकर, मदनपुर निवासी रवि ओझा को गिरफ्तार कर लिया है।