32.58 लाख से चमकेगा मुंडेरवा रेलवे ओवरब्रिज
-
- बस्ती-कांटे मार्ग स्थित 17वें किमी पर स्थापित रेलवे ओवरब्रिज की होगी मरम्मत
- पीडब्ल्यूडी ने तैयार किया इस्टीमेट, सुधरेगी 732 मीटर ओवरब्रिज की हालत
-
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के जिला अस्पताल से ओड़वारा होकर मुंडेरवा-कांटे मार्ग पर स्थापित रेलवे ओवरब्रिज की हालत सुधारने के लिए पीडब्ल्यूडी ने तैयारी शुरू कर दिया है। विभाग ने इसके लिए 32.58 लाख रुपए का आगणन तैयार किया है। जिस पर शासन की मंजूरी मिलते ही काम चालू कर दिया जाएगा।
बस्ती कांटे मार्ग पर जिला अस्पताल से लेकर मुंडेरवा-कांटे तक की सड़क का नवीनीकरण करने के बाद अब पीडब्ल्यूडी ने रेलवे ओवरब्रिज की हालत सुधारने के लिए तैयारी शुरू कर दिया है। तकरीबन 20 किमी लंबे इस मार्ग के 17वें किमी स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर राज्य सेतु निगम ने तकरीबन 13 साल पहले ओवरब्रिज का निर्माण किया था। जिसका समय-समय पर पीडब्ल्यूडी पैच आदि रखकर मरम्मत करवा देता था। वहीं इसके रंगरोगन पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। नतीजतन इस ओवरब्रिज की हालत दिन ब दिन जर्जर होती चली गई। जबकि इस मार्ग से संतकबीरनगर जिले के सैकड़ों समेत बस्ती जिले के पूर्वी छोर के तकरीबन एक हजार गांवों के राहगीरों का मंडल मुख्यालय पर सीधा आवागमन होता है। ओवरब्रिज की जर्जर हालत को संज्ञान में लेकर पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार ने सहायक अभियंता यूसी विश्वकर्मा व उनकी टीम को सर्वे करवाकर इस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया तो टीम ने 32 लाख 58 हजार रुपए का आगणन तैयार कर लिया है। जिसे विभाग जल्द ही शासन को उपलब्ध करवा देगा और ओवरब्रिज नए कलेवर में चमकने लगेगा।
-
जल्द शासन को भेज दिया जाएगा इस्टीमेट
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार ने बताया कि मुंडेरवा ओवरब्रिज के मरम्मत व रंगरोगन के लिए इस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। जिसे जल्द ही मुख्यालय के जरिए शासन को उपलब्ध करवा दिया जाएगा।