बस्ती। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग के तहत पांचों विधानसभा क्षेत्र में हुई विधायक खेल स्पर्धा के विजयी हुए खिलाड़ी अब सांसद खेल स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में करीब 1062 खिलाड़ियों ने आठ खेलों में जीत हासिल की है।
ये खिलाड़ी शहर के शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम बस्ती में होने वाली सांसद खेल स्पर्धा प्रतियोगिता में अपना हुनर दिखाएंगे। साथ ही चार से पांच सौ स्थानीय खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। वहीं, स्पर्धा के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। खेल की तिथि 20 और 21 निर्धारित है।
जिले में नवंबर माह में अलग-अलग तिथियों में बस्ती सदर, हर्रैया, रुधौली, कप्तानगंज और महादेवा विधानसभा क्षेत्र में विधायक खेल स्पर्धा के आयोजन किए गए थे। इसमें सब जूनियर, जूनियर व सीनियर वर्ग में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, भारोत्तोलन, बैडमिंटन फुटबॉल व जूडो में करीब 1062 खिलाड़ी विजेता हुए हैं। इन खेलों को कराने के लिए विधानसभावार क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों की जिम्मेदारी दी गई थी।
अलग-अलग आयु वर्ग में विजेता खिलाड़ी अब शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम बस्ती में शनिवार से होने वाली सांसद खेल स्पर्धा के लिए तैयार हैं। खेल आयोजन की जिम्मेदारी क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी को सौंपी गई है। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार है। युवा कल्याण विभाग से 1062 और स्थानीय स्तर पर चार से पांच सौ खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। खेल मैदान में साफ-सफाई करा दी गई है।