दुबौलिया। थाना क्षेत्र के राम-जानकी मार्ग पर खुशहालगंज के पास सड़क किनारे ढाबे के सामने खड़े ट्रक में बाइक सवार की पीछे से जा भिड़ा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी दुबौलिया ले गई। वहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
दुबौलिया थाना क्षेत्र के केंवाड़ी मुस्तहकम गांव निवासी गोधई प्रसाद (55) रविवार की भोर में अपने रिश्तेदार रानीपुर लाद गांव से गैस सिलिंडर लेकर अपने घर आ रहे थे। तभी राम-जानकी मार्ग पर सड़क की पटरी पर खड़े ट्रक से पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में गोधई प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी दुबौलिया ले गई, वहां पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। गोधई प्रसाद की मौत की खबर सुन परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। गोधई प्रसाद के तीन पुत्र व दो लड़कियां हैं। जिनमें दो लड़कों की शादी हो चुकी है। गोधई प्रसाद दिल्ली में मेहनत मजदूरी करते थे, पिछले पांच माह से घर पर ही थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।