बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के हटवा बाजार में चौदह दिन पहले छोटे बेटे से हुए विवाद में घायल माता की मंगलवार को मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हटवा बाजार निवासी 70 वर्षीय अब्दुल कलाम तथा छोटे बेटे मो. अहमद के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर पांच सितंबर को मारपीट हुई थी। जिस पर लाठी डंडा चलने से अब्दुल कलाम तथा उनकी 65 वर्षीय पत्नी सफिया खातून तथा बड़ा बेटा जमाल अहमद गंभीर रूप से घायल हो गया था। रुधौली पुलिस ने घायलों का स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार कराया। मगर गंभीर हालत को देखते हुए डाॅक्टर ने वृद्ध माता-पिता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। वहां से रेफर होने के बाद साफिया खातून को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। प्रभारी थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि मारपीट का केस पहले ही दर्ज है। 15 सितंबर को सफिया खातून की गंभीर हालत को लेकर डॉक्टर ने जवाब दे दिया था। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें घर ले आए थे। मंगलवार की शाम को उनकी मौत हो गई। संवाद