बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के झरकटिया गांव के पास ट्रैक पर एक
महिला और किशोरी की लाश मिली है। दोनों संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना के
उसरा शहीद गांव की मां-बेटी बताई गई हैं। बेटी का गला कटकर धड़ से अलग तो
मां के गर्दन पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। इसलिए परिवार वाले हत्या की
आशंका जता रहे हैं।
बुधवार की सुबह पुरानी बस्ती पुलिस को रेलवे
स्टेशन बस्ती से फोन आया कि एक महिला और किशोरी की लाश रेल ट्रैक पर रेलवे
स्टेशन के पूर्वी छोर पर झरकटिया गांव के पास पड़ी है। मौके पर पहुंची
पुलिस ने शव को ट्रैक के पास से हटवाया। किशोरी के शव के पास एक मोबाइल फोन
मिला, जो स्विच ऑफ था।
उसके सिम को निकालकर पुलिस ने दूसरे सेट
में लगाया तो उसमें तीन नंबर सुरक्षित मिले। इसमें से सरोज देवी के नंबर पर
फोन किया गया तो पता चला कि यह उसकी भाभी का नंबर है।
इसके बाद
किशोरी के घर और गांव वाले घटना स्थल पर पहुंचे और शव की शिनाख्त 17 वर्षीय
अनीता पुत्री विश्वनाथ मोदनवाल और उसकी मां 55 वर्षीय मालती देवी पत्नी
विश्वनाथ निवासी उसरा शहीद थाना दुधारा जिला संतकबीरनगर के रूप में की गई।
परिवार
वालों के साथ ही गांव के लोग भी घटना की वजह नहीं बता पा रहे थे। घरवालों
का कहना है कि मां-बेटी मंगलवार की दोपहर आटो से रोडवेज के पास पहुंची थीं
और बनकटी थाना लालगंज स्थित एक रिश्तेदार के घर जाने की बात कह रही थीं।
पुलिस इसे आत्महत्या का केस मान रही है, जबकि घर वाले इस बात से इन्कार कर
रहे हैं।
दिवंगत किशोरी के भाई रामशंकर ने कहा कि उनकी मां और बहन
आत्महत्या क्यों करेंगी। घर के लोगों को आशंका है कि दोनों की हत्या कर उसे
आत्महत्या का रूप दिया गया है। सीओ (सिटी) अतुल सोनकर ने कहा कि पुलिस सभी
बिंदुओं पर जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।