स्थानीय लोगों की मदद से महिला पुलिस ने दो को लिया हिरासत में लिया
- शहर कोतवाली के जनता होटल के पास की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर में आए दिन हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बीच बृहस्पतिवार को एक होटल के पास एक संदिग्ध मां-बेटी भीड़ के हत्थे चढ़ गई। भीड़ में शामिल युवती ने बताया कि उसके गले से ऑटो में सोने की चेन छीन ली है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और मां-बेटी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। कोतवाल विजय कुमार दुबे ने बताया कि संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बृहस्पतिवार की दोपहर एक महिला ऑटो से गांधीनगर की तरफ जा रही थी। उसके साथ ऑटो में सवार संदिग्ध एक महिला व एक युवती रास्ते में एक होटल के पास ऑटो से उतर गईं। ऑटो आगे बढ़ने के बाद उसमें सवार महिला का हाथ अपने गले पर गया तो देखा कि सोने की चेन चोरी हो चुकी थी। महिला को शक हुआ कि उनके साथ ऑटो में सवार युवती ने ही उनके गले से चेन उड़ाया है। तुरंत ऑटो चालक से वापस होटल पहुंच गईं।
वहां ऑटो से उतरी युवती व महिला दूसरी ऑटो को रोककर उसमें बैठने जा रही थी। तभी पहुंची पीड़िता ने युवती का हाथ पकड़ लिया। यह देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। उस युवती के साथ मौजूद महिला खुद को उसकी मां बता रही है। युवती भी खुद को निर्दोष बताने लगी। पीड़ित महिला का कहना है कि युवती ने भीड़ जुटते देख चेन ऑटो में फेंक दिया।
उसका एक छोटा टुकड़ा उसने निगल लिया है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। स्थानीय लोगों की सूचना पर महिला पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और युवती व उसकी कथित मां को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर घटनाक्रम के खुलासे में जुट गई है।