बिजली समाधान शिविर में पहुंचे ऊर्जा राज्य मंत्री, उपभोक्ताओं से लिए फीडबैंक
- गिदही व अमहट उपकेंद्र पर आयोजित शिविर का किया निरीक्षण
- बांस बल्ली के सहारे आपूर्ति देने की उपभोक्ताओं ने की शिकायत
बस्ती। विद्युत उपभोक्ता समाधान शिविर को ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने दोपहर करीब तीन बजे अमहट उपकेंद्र पर चल रहे शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में निस्तारित की गईं समस्याओं से संबंधित उपभोक्ताओं को फोनकर फीडबैक लिया। उपभोक्ताओं के जवाब से वे संतुष्ट दिखे।
इसके बाद गिदही पहुंचे ऊर्जा राज्य मंत्री ने शिविर में मौजूद उपभोक्ताओं से समस्याओं के बारे में जानकारी ली तो उपभोक्ताओं ने बांस बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति करने की शिकायत की। ऊर्जा मंत्री ने अधिशासी अभियंता मनोज कुमार गौड़ को प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजने का निर्देश दिया। इसके बाद मंत्री ने अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली चोरी के मामलों पर हीलाहवाली न करें। बिजली चोरी करने वालों पर सीधे कार्रवाई करें। कहा कि राजस्व वसूली को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बकायेदारों के खिलाफ चल रहे अभियान को तेज किया जाएगा। इसके बाद वे सिद्धार्थनगर के लिए निकल गए। मौके पर मुख्य अभियंता गुलाम मुस्तफा, अधीक्षण अभियंता एसके आर्या, राम इकबाल प्रसाद, निति मिश्रा आदि मौजूद रहीं।
---------------------
शिकायत लेकर पहुंचे उपभोक्ता
विक्रमजोत। फूलडीह स्थित विद्युत उपकेंद्र पर समाधान सप्ताह 12 से अधिक उपभोक्ता शिकायत लेकर पहुंचे। ज्यादातर शिकायतें मीटर, अधिक बिल की प्राप्त हुईं। एसडीओ रायबहादुर यादव ने समस्याओं को निस्तारित किया। मौके अवर अभियंता विक्रांत सिंह, जगदंबा प्रसाद विश्वकर्मा, पवन कुमार, रंजीत गोसाईं, सुखराम, रामशंकर, साहब राम आदि मौजूद रहे। दुबौलिया प्रतिनिधि के अनुसार समाधान दिवस में सात मामले आए जिसमें दो का मौके पर निस्तारण हुआ। अवर अभियंता अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि पांच मामले मीटर से संबंधित होने कारण मौके पर निस्तारित नहीं किया जा सकता। टिनिच प्रतिनिधि के अनुसार बघौड़ी पर आयोजित शिविर में नौ मामले आए। अवर अभियंता अनुज कुमार कन्नौजिया ने बताया कि सभी को तुरंत निस्तारित कर दिया गया। संवाद