महुआ के पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव
पैकोलिया थाने के महादेवा गांव की घटना
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के महादेवा गांव के जूनियर हाईस्कूल के पीछे स्थित गन्ने के खेत में स्थित महुआ के पेड़ से लटकता उसी गांव के एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने शव नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह करीब छह बजे पैकोलिया थाना क्षेत्र के महादेवा गांव निवासी श्रीकृष्ण उर्फ श्रीकिशन पुत्र संतराम साइकिल से डीजल लेने की बात कहकर घर से निकले। गांव के उत्तर स्थित जूनियर हाईस्कूल महादेवा के पीछे हरिहर के गन्ने के खेत में महुआ के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फंदे पर लटका शव किसी ने देखा। थोड़ी देर में सूचना गांव में आग की तरह फैल गई और धीरे-धीरे समूचा गांव इकट्ठा हो गया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है। मृतक के दो बेटे हैं, दोनों सरकारी नौकरी करते हैं। इनमें एक सिपाही और दूसरा रेलवे कानपुर में गेटमैन है।