सेब लदा ट्रक पलटा, पीआरडी जवान की दबकर मौत
- हर्रैया थाने से ड्यूटी करके साइकिल से घर लौट रहे थे राम सेवक
- फोरलेन पर हर्रैया के भदावल कुचेला मोड़ पर घटना
- सुबह ट्रक सीधा करने पर हुई नीचे दबकर मौत की जानकारी
महराजगंज/हर्रैया। फोरलेन पर हर्रैया थाने के भदावल-कुचेला मोड़ पर सेब लदा ट्रक पलट गया। जिसकी चपेट में आकर साइकिल सवार पीआरडी जवान की मौत हो गई। हर्रैया थाने से ड्यूटी करके लौट रहा जवान घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग ढूंढने लगे। सुबह गांव के लोगों ने शक के आधार पर ट्रक सीधा करवाने के बाद सामान हटवाया तो उसके नीचे दबे राम सेवक का शव मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
हर्रैया क्षेत्र के गोपालपुर गांव के रहने राम सेवक पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) में तैनात थे। उनकी ड्यूटी हर्रैया थाने पर थी। रविवार शाम सात बजे से सोमवार सुबह 3:15 बजे तक ड्यूटी थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद राम सेवक साइकिल से घर जा रहे थे। हर्रैया थाना क्षेत्र के भदावल (कुचेला) मोड़ पर पीछे से आया सेब लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसकी चपेट में राम सेवक भी आ गए। रात होने के कारण राम सेवक की मौत का किसी को पता नहीं चल पाया। ट्रक पलटने की सूचना पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम इधर-उधर निरीक्षण कर घटनास्थल से वापस चली गयी।
इधर, जब राम सेवक घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोग उनकी खोजबीन करने लगे। रिश्तेदारी में भी पता लगाया जाने लगा मगर कुछ पता नहीं चला। हर्रेया थाने पर जाकर जानकारी ली तो पता चला कि वह घर के लिए निकल गए थे। इससे परिवार के लोगों को अनहोनी की आशंका होने लगी। दोपहर 12 बजे परिवार के लोग भदावल पहुंचे और ट्रक के नीचे पीआरडी जवान के दबे होने की आशंका जताई। कुछ ही देर में गांव के सैकड़ों लोग जुट गए और ट्रक के सामान को हटाकर ट्रक को किनारे करवाया तो दोपहर एक बजे राम सेवक का शव दिखाई पड़ा। शव देखकर सभी के होश उड़ गए। परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। आनन फानन में पुलिस और एनएचएआई की टीम ने शव को बाहर निकालकर हर्रेया थाने पर ले गए। दिवंगत पीआरडी जवान के पुत्र संदीप कुमार की तहरीर पर ट्रक चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक शैलेश सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के विरुद्ध केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया गया है।
----------------
जवान की मौत से परिवार के लोग बेहाल
ट्रक के नीचे दबकर पीआरडी जवान की मौत से उसके परिवार को गहरा आघात लगा है। अपने परिवार में राम सेवक अकेले कमाऊ सदस्य थे। पत्नी बिट्टन के अलावा चार बच्चे हैं। बड़ा लड़का संदीप कुमार, दूसरे नंबर की बेटी रेनू, तीसरे नंबर पर बेटा रवीन्द्र और सबसे छोटा बेटा नरेंद्र कुमार है। सभी बच्चे घर पर रहते हैं। जवान बेटे की मौत से राम सेवक के पिता राम जतन और माता ज्ञानमती का रो रोकर बुरा हाल है।