हर्रैया। तय रेट से कम भुगतान से नाराजमीटर रीडरों ने कंपनी के विरोध में बिजली उपकेंद्र पर बुधवार को प्रदर्शन किया। अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र देकर कंपनी से तय रेट से भुगतान कराने की मांग की है। मांग नहीं पूरी होने पर काम बंद करने की चेतावनी दी है।
बस्ती मंडल में कंप्यूटरीकृत बिल का प्रिंट निकाल कर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने व बकाया जमा कराने का ठेका टेरासॉफ्ट लिमिटेड के पास है। कंपनी ने इस कार्य के लिए युवकों को प्रोब व ओसीआर पर प्रति बिलिंग 10 रुपए व अन्य बिलिंग पर 4 रुपये देने का वादा कर भर्ती किया था। इसके अलावा लक्ष्य से अधिक बिलिंग करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहन राशि अलग से देने के लिए कहा गया था। मगर, जून में केवल 2 रुपये प्रति बिलिंग की दर से भुगतान किया गया। कंपनी की वादाखिलाफी से कर्मियों को हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है। आक्रोशित कर्मियों ने बुधवार को उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर शिकायती पत्र अधिशासी अभियंता अजय कुमार मौर्य को सौंपा। तय रेट के अनुसार भुगतान दिलाते हुए हर माह 10 तारीख को भुगतान कराने की मांग की गई। कार्मिकों ने चेतावनी दी है कि अगर 31 जुलाई तक भुगतान नहीं हुआ तो वे काम बंद कर देंगे। प्रदर्शन में भानु प्रताप, राम यज्ञ, रघुनाथ यादव, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।