कप्तानगंज (बस्ती)। थाना क्षेत्र के बढ़या पुल के निकट शनिवार की शाम ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध चोर समझकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले आई। जांच में पता चला कि वह युवक मानसिक रूप से बीमार है। घटना शाम करीब 5 बजे की है। गन्ने के खेत से अचानक एक युवक निकलकर सड़क की ओर आया। उसे देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने उसे चोर समझ लिया। भीड़ ने बिना कुछ पूछे युवक को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी आलोक श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले आए। पूछताछ और छानबीन में स्पष्ट हुआ कि युवक मनोरोगी है। एसओ ने बताया कि युवक घायल हो गया था, उसका उपचार कराया जा रहा है और परिजनों को सूचना देकर थाने बुला लिया गया है। संवाद