बस्ती। वेतन विसंगतियों को दूर करने और पदनाम परिवर्तित करने आदि मांगों को लेकर जलकल कर्मचारी संघ नगर पालिका परिषद के लोग जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया। पदाधिकारियों के नेतृत्व में लंबित 17 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से भेजा गया।
संगठन के महामंत्री फूलचंद्र यादव और नगर पालिका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया।
इसमें राज्य वित्त आयोग से वेतन भुगतान, सेवानिवृत्त कर्मियों के देयकों का भुगतान, 29 जून 1991 के पूर्व नियुक्त दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का विनियमितीकरण किए जाने के बाद जलनिगम की भांति पेंशन व एसीपी का लाभ दिलाने की मांग की गई है।
इसके अलावा नगर निगमों की तरह प्रदेश के जलकल संस्थानों में कार्यरत संचालकों पदनाम परिवर्तित कर कर निरीक्षक द्वितीय करने, ग्रेड पे में विसंगति को दूर करने, पेंशन में एकरूपता लाकर राज्य कर्मचारियों की तरह पचास प्रतिशत पेंशन की व्यवस्था लागू करने, शासनादेश के अनुरूप ग्रेड पे का लाभ पंप चालकों, पंप अटेंडेंट को भी देने, कर निरीक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने, पदनाम में परिवर्तन, वर्दी की दरों में वृद्धि लागू करने, कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति आदि मांगें शामिल हैं।
इस मौके पर रामकुमार, केशव प्रसाद, अरुण कुमार पांडेय, संतोष सिंह, हरीराम, रामफेर यादव, चंद्रशेखर, राधा कृष्णा, दीनानाथ, अरविंद कुमार आदि शामिल रहे।