बस्ती। बिना मान्यता स्कूल चलाने वालों की अब खैर नहीं है। यदि दो से अधिक गैर मान्यता प्राप्त स्कूल संचालित करते हुए कोई पाया गया तो प्रशासन उसे शिक्षा माफिया घोषित करेगा। इसके लिए डीएम प्रियंका निरंजन ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाए जिनके द्वारा दो से अधिक गैर मान्यता वाले स्कूल संचालित किए जा रहे हैं।
डीएम मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला अनुश्रवण समिति की बैठक ले रही थी। उन्होंने बताया कि जिले के 249 विद्यालयों में कम से कम 120 मीटर बाउंड्रीवाल बनवाने के लिए शासन से धन प्राप्त हुआ है। इसके लिए उपयुक्त विद्यालयों का चयन करके सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। पिछले एक वर्ष के दौरान लगभग 600 विद्यालयों के चहारदीवारी का निर्माण कराया जा चुका है। कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के एक स्कूल में दिव्यांग शौचालय भी बनवाए जाए। इसके अलावा 435 प्राइमरी एवं जूनियर हाईस्कूल में विद्युतीकरण कराया जाना है। अभी तक केवल 188 विद्यालयों द्वारा ही झटपट पोर्टल पर आवेदन किया गया है। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया है कि चुनाव को देखते हुए सभी विद्यालयों का विद्युतीकरण कार्य समय रहते पूर्ण करा दिया जाए।
डीएम ने यूपीपीसीएल द्वारा रिबोर किए गए हैंडपंपों के पानी की जांच न कराए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्कूलों के नियमित निरीक्षण न करने पर जिला एवं ब्लाक टास्क फोर्स के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। कहा कि जनपद में 92174 अभिभावकों के खाते में यूनिफार्म, जूता-मोजा, जाड़े का स्वेटर आदि के लिए 1200 रुपये प्रति बच्चे के हिसाब से मुख्यमंत्री द्वारा भेजा गया है। इस मौके पर बीएसए अनूप कुमार, सीएमओ डाॅ. आरपी मिश्रा, डीडीओ निर्मल द्विवेदी, पीडी राजेश कुमार झा, डीडी कृषि अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।